कानपुर। राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश टीम की मंगलवार को घोषणा कर दी गई। यह प्रतियोगिता 30 अक्तूबर से रांची में आयोजित की जाएगी। इसमें शहर के अविनाश कुमार और कानपुर देहात के मिथुन समेत विभिन्न जिलों के साइकिलिस्ट शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश साइकिलिंग एसोसिएशन के सचिव आरके गुप्ता के अनुसार 13 सितंबर को ट्रांस गंगा सिटी में आयोजित हुए ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टाइमिंग के आधार पर टीम घोषित हुई है। सीनियर पुरुष वर्ग में आगरा के मनीष व सुमित गुर्जर, मुरादाबाद के सैयद खालिद बागी व सैयद बुरहान अली, कानपुर के अविनाश कुमार और कानपुर देहात के मिथुन का चयन हुआ है।
सब-जूनियर बालक वर्ग (15-16 वर्ष) में मिर्जापुर के सूर्या कुमार गुप्ता और यूथ बालक वर्ग (12-14 वर्ष) में नोएडा के मयंक यादव को टीम में जगह मिली है। टीम मैनेजर मुरादाबाद के खुर्शीद अली और कोच सैयद मरदान अली होंगे। खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए वर्ष 2026 का साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से जारी राइडर लाइसेंस अनिवार्य किया गया है।