रसूलाबाद थाना क्षेत्र के बरईझाल मकरंदपुर कहिंजरी में मंगलवार दोपहर को एक शिक्षिका ने बरामदे में लगे पंखे में दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। जानकारी पर आए पति ने शादी करवाने वाले रिश्तेदार पर एक लाख रुपये का दबाव बनाने के चलते पत्नी के आत्महत्या करने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन की है।
बरईझाल मकरंदपुर कहिंजरी निवासी संदीप ने बताया उसकी शादी 28 नवंबर 2024 को बिलहा निवासी वंदना (24) के साथ हुई थी। पत्नी एक प्राइवेट विद्यालय में शिक्षिका थी। शादी के बाद से ही रिश्ता करवाने वाले रिश्तेदार पत्नी पर शादी में खर्च किए तीन लाख रुपये वापस करने के लिए दबाव बना रहे थे। इसपर पत्नी ने उसे जानकारी दिए बिना ही अपने सभी जेवर बेचकर रिश्तेदार को रुपये दे दिए थे। इसके बाद भी रिश्तेदार एक लाख रुपये की मांग कर रहा था। इससे पत्नी परेशान रहती थी।
मंगलवार सुबह वह भाड़ा लेकर औरैया के बेला गया था। घर पर पत्नी व उसका भाई गौरव मौजूद था। दोपहर 3:30 बजे के करीब गौरव जब पत्नी को बुलाने के लिए दूसरी मंजिल पर गया तो उसे पत्नी का शव बरामदे में लगे पंखे में दुपट्टे के फंदे पर मिला। इसपर गौरव ने उसे फोन कर घटना की जानकारी दी तो वह अपनी सास को लेकर मौके पर पहुंचा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रसूलाबाद थानाध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि परिजन की ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। मामले में तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।