कानपुर। यूपी टी-20 लीग का दूसरा चरण शुक्रवार से ग्रीनपार्क स्टेडियम में शुरू हो रहा है। यहां 28 अगस्त से छह सितंबर तक 12 मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में काशी रुद्रास का सामना नोएडा सुपर किंग्स से होगा। बारिश के चलते बुधवार को लखनऊ फॉल्कंस और मेरठ मावरिक्स की टीमें कानपुर नहीं पहुंच सकीं। अब सभी छह टीमें गुरुवार को शहर पहुंचेंगी।
ग्रीनपार्क में होने वाले मुकाबलों को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी मुकाबले त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच होंगे। टीमों को होटल से ग्रीनपार्क तक सुरक्षित कॉरिडोर के जरिए लाया जाएगा। पार्किंग, प्रवेश द्वार और स्टेडियम के भीतर सुरक्षा व्यवस्था का खाका उप्र क्रिकेट एसोसिएशन, खेल विभाग और पुलिस ने मिलकर तैयार किया है। ग्रीनपार्क में बाउंड्री, साइड स्क्रीन और दर्शक दीर्घा में तैयारियां की गईं। दो सुपर फैन बॉक्स तैयार हो चुके हैं, जबकि बड़ी स्क्रीन स्थापित कर दी गई है। यूपी टी-20 के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि स्टेडियम में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मैदान और अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच हो गई है। फ्लड लाइट का परीक्षण पूरा कर लिया गया है।
-
इनडोर अभ्यास की तैयारी
बारिश की संभावना पर टीमों के अभ्यास के लिए ग्रीनपार्क में छह अभ्यास विकेट और इनडोर बॉक्स तैयार किए जा रहे हैं। डे-नाइट अभ्यास के लिए इनडोर बॉक्स में प्रकाश व्यवस्था की जा रही है। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए ग्रीनपार्क छात्रावास के 20 और कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के 30 खिलाड़ियों की सूची तैयार की गई है।