सेंट्रल स्टेशन आ रहीं शताब्दी, राजधानी और गरीब रथ ट्रेनों में अराजकतत्वों ने गुरुवार को दादरी में पथराव कर दिया। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई। आरपीएफ दादरी ने रेल संपत्ति को क्षति पहुंचाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर कैरिज एंड वैगन विभाग से ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज पेनड्राइव में भेजने के लिए शनिवार को पत्र भेजा है।
12034 कानपुर शताब्दी एक्सप्रेस सेंट्रल स्टेशन आ रही थी। सीट नंबर-49 पर सफर कर रहे गौरव ने टीएस जितेंद्र यादव व अन्य स्टाफ को बताया कि गुरुवार को कानपुर आने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। दादरी में शाम 04.36 बजे पथराव शुरू हो गया। गोलियों की तरह पथराव हुआ। इससे पूरा शीशा चकनाचूर हो गया है। आवाज से कोच में कई मिनट तक दहशत का माहाैल रहा। आरपीएफ अलीगढ़ के एएसपी आजाद सिंह ने बताया कि गुरुवार को कानपुर की ओर आने वाली शताब्दी, राजधानी और गरीब रथ एक्सप्रेस में पथराव हुआ था। मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। इन ट्रेनों के सीसीटीवी फुटेज की मांगे गए हैं।