कानपुर में सीएए के विरोध में धरना प्रदर्शन (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर की बाबूपुरवा पुलिस ने सीएए/एनआरसी के विरोध में क्षेत्र में दंगा भड़काने वाले दो आरोपितों पर रासुका की कार्रवाई की है। थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि 20 दिसंबर 2019 को बाबूपुरवा के बेगमपुरवा, बगाही ईदगाह आदि स्थानों पर अराजकतत्वों ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए पुलिस बल पर फायरिंग, पेट्रोल-एसिड बम फेंकने, पथराव आदि किया था।
करीब पांच हजार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें से बाबूपुरवा निवासी अकरम और शाबिर सिद्दकी को जेल भेजा जा चुका है। गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है। राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता और दंगा भड़काने में अहम भूमिका के चलते अब उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत भी कार्रवाई की गई है।
29 सितंबर को रासुका की कार्रवाई के लिए जिला मजिस्ट्रेट को प्रस्ताव भेजा गया था। जिला मजिस्ट्रेट के अनुमोदन के बाद रासुका की नोटिस अभियुक्तों पर जेल में ही तामील करा दी गई है। आगे की कार्रवाई के लिए मामला शासन के एडवाइजरी बोर्ड को भेजा गया है।