कानपुर के रायपुरवा स्थित गठबंधन लॉन के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोरों ने बैग पार कर दिया। बैग में जेवरात, मोबाइल व अन्य दस्तावेज थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला टरका दिया। रविवार को पीड़िता ने जब ट्विटर पर सीएम, डीजी आफिस को शिकायत की तो उसके 15 मिनट बाद ही रिपोर्ट दर्ज हो गई।
परेड निवासी आर्शिया बेगम का लॉजिस्टक का काम है। आठ तारीख को वह मिलन मेहरोत्रा की शादी में शिरकत करने कार से रायपुरवा के गठबंधन लॉन गईं थीं। रात करीब 12 बजे वह बैग लेने लॉन के बाहर आईं तो कार के पीछे का शीशा टूटा मिला। बैग भी गायब था। आर्शिया के मुताबिक बैग में करीब डेढ़ लाख की ज्वैलरी, एक मोबाइल व आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज थे।
आरोप है कि थाने में तहरीर देने पर भी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। इस पर रविवार दोपहर करीब 2 बजे मुख्यमंत्री और डीजी कार्यालय को ट्वीट किया। करीब 15 मिनट बाद ही रायपुरवा पुलिस ने उनसे संपर्क किया और मुकदमा दर्ज किया। रायपुरवा इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले की जांच करने केबाद रिपोर्ट दर्ज की गई।