कानपुर में गुरुवार तड़के गंगा बैराज और गोविंद नगर में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई। बैराज पर पुलिस ने भाजपा नेता को लूटने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनमें से दो को गोली लगी। दोनों 25-25 हजार के इनामी हैं। वहीं गोविंद नगर में एक हिस्ट्रीशीटर पुलिस की गोली से घायल हुआ।
सीओ स्वरूप नगर अजीत सिंह चौहान ने बताया कि तड़के करीब सवा तीन बजे नवाबगंज और स्वरूपनगर पुलिस की गंगा बैराज के पास दो बाइकों पर सवार छह बदमाशों से मुठभेड़ हुई। बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाब में घुमनी बाजार निवासी शोभित कुमार के दाएं और मकड़ी खेड़ा निवासी देवराज मिश्रा के बाएं पैर में गोली लगी।
पुलिस ने ग्वालटोली निवासी साजन को भी दबोचा। राज उर्फ छोटू नैपाली, कैलाश निषाद और रज्जी उर्फ सुफियान भाग निकले। बदमाशों के पास से दो तमंचे, दो कारतूस और 12 हजार रुपये बरामद हुए है।
भाजपा नेता को भी लूटा था
बहराइच के नानपारा निवासी भाजपा नेता नंदलाल जायसवाल से 18 मई को तात्याटोपे नगर चौराहे पर बदमाशों ने 15 हजार रुपये अंगूठी व चेन लूटी थी। एसएसपी ने बताया पनकी में कारोबारी के साथ हुई 42 हजार रुपये की लूट समेत एक दर्जन वारदात में भी ये शामिल रहे हैं।
हिस्ट्रीशीटर भी गोली से घायल
गोविंद नगर कच्ची बस्ती में तड़के स्कूटी सवार दो बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। इसमें गोविंद नगर कच्ची बस्ती निवासी हिस्ट्रीशीटर मंगल सिंह के दाएं पैर में गोली लगी। उसका साथी भाग निकला। मंगल के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या का प्रयास, चोरी, शस्त्र अधिनियम व एनडीपीएस एक्ट आदि के करीब डेढ़ दर्जन केस हैं।