चावला चौराहे पर तैनात होमगार्ड राजकुुमार कुरील ने बताया कि बुधवार शाम को वह अपने साथी जयकरन सिंह के साथ ड्यूटी पर था। करीब पांच बजे कच्ची मड़ैया निवासी राजेश तिवारी बाइक से दो महिला मित्रों के साथ निकला और नशे में होने के कारण नाली में गिर गया। उन लोगों ने उसे उठाया और नशे मेें गाड़ी न चलाने हिदायत दी। इस पर वह महिला मित्रों के साथ मिलकर गालीगलौज करते हुए उनसे ही मारपीट शुरू कर दी।
नशे में धुत महिलाओं ने उनकी राइफल छीन ली। इस बीच मौके पर पहुंचे गोविंदनगर थाना प्रभारी संजीवकांत मिश्रा ने राजेश को जीप में बैठाकर थाने भेज दिया। तभी महिलाओं ने कच्ची मड़ैया में लोगों को फोन से जानकारी दे दी। चावला चौराहे पर पुलिस की जीप डीबीएस कॉलेज की ओर से आरोपी को लेकर थाना जाने लगी। तभी कॉलेज के पास लोगों ने जीप को घेर लिया।
जीप में मौजूद सीओ पेशी में तैनात सिपाही जितेंद्र सिंह ने विरोध किया तो उसकी पिटाई शुरू कर दी। बीच बचाव में आए होमगार्डों को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस बीच उपद्रवियोें ने सिपाही जितेंद्र की चेन और पर्स में रखे 4200 रुपये भी लूट लिए। पुलिस ने सोनू राठौर, राजन, चंदन पांडेय और राजेश तिवारी को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान चंदन के पास से लूट के 900 रुपये और चेन बरामद हो गई। थाना प्रभारी का कहना है होमगार्ड राजकुमार की तहरीर पर गिरफ्तार चारों युवकों के साथ ही मोनू, सुमित, सत्यनारायण और दोनों महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। 20-25 अज्ञात लोगों पर भी मामला दर्ज किया गया है। मोबाइल से बनाए गए वीडियो के आधार पर बाकी उपद्रवियों की तलाश की जा रही है।