हरदोई के माधौगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का पता चलने पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी और सीओ बिलग्राम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पीड़ित बच्ची की मां की तहरीर पर पड़ोसी किशोर के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस ने उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी चार वर्षीय बालिका बुधवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित गोड़ा/चौपाल में खेल रही थी। पड़ोस में ही रहने वाला एक किशोर (15) बहला फुसला कर उसे पास ही स्थित शौचालय में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
कुछ देर बाद घर आई बच्ची ने घर पहुंचकर अपनी मां को पूरी बात बताई। इस पर परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह और परिजन आरोपी लड़के के यहां शिकायत करने गए। इस पर आरोपी के परिजनों ने उसके व उसके परिजनों के साथ गालीगलौज की और जानमाल की धमकी दी।
सूचना मिलने के बाद एएसपी पूर्वी अनिल यादव व सीओ विशाल यादव मौके पर पहुंच गए और पीड़ित बालिका व परिजनों से घटना की जानकारी ली। माधौगंज के प्रभारी निरीक्षक राकेश आनंद ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट कर ली गई है। आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पीड़ित बालिका का मेडिकल कराया जा रहा है।