कानपुर। बीसीसीआई की वुमंस अंडर-23 वनडे क्रिकेट ट्रॉफी के अहम मुकाबले में शहर की खिलाड़ी अर्चना देवी की शानदार गेंदबाजी के बावजूद उत्तर प्रदेश की टीम को हार का सामना करना पड़ा। गुजरात ने उत्तर प्रदेश को 13 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
पुणे स्थित वीरांगना क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 192 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की ओर से अर्चना देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार और भारती सिंह ने तीन विकेट लिए। संध्या छेत्री और भूमि सिंह को एक-एक विकेट मिला।
वहीं, गुजरात की ओर से निधिबेन एन देसाई ने 53, स्तुति जैनी ने 47 और यशवी ने 37 रन बनाए। 193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही, जिसके कारण वह निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर केवल 179 रन ही बना सकी। टीम से शारदा तिवारी ने 71 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
वहीं बबिता सिंह ने 26 और सोनाली सिंह ने 27 रन बनाए। गुजरात की ओर से मनमीत और पी. नंदकरणी ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि गौरी गोयल, शिवानी और निधिबेन ने एक-एक विकेट लिया। इसके साथ उत्तर प्रदेश और बंगाल की टीम ने पांच मैचों में तीन में जीत व दो में हार के साथ 12-12 अंक पाए। हालांकि बेहतर नेट रनरेट (0.813) के आधार पर बंगाल अगले दौर में पहुंच गया, जबकि उत्तर प्रदेश (0.802) टूर्नामेंट से बाहर हो गया।