यूपी कंबाइंड एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी एंट्रेंस टेस्ट (यूपी कैटेट) 2016 के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। अब 22 फरवरी की जगह 29 फरवरी से ऑफ लाइन, ऑन लाइन फार्म भरे जा सकेंगे।
यह प्रक्रिया 2 अप्रैल तक चलती रहेगी। विलंब शुल्क के साथ फार्म भरने और उसे जमा करने अंतिम तारीख 9 अप्रैल है। यूपी कैटेट से कानपुर, मेरठ, फैजाबाद और बांदा कृषि विश्वविद्यालय की स्नातक, परास्नातक और पीएचडी की 2399 सीटें भरी जाएंगी। वेबसाइट www.csuk.ac.in पर जाकर फार्म भरे और 1 मई से एडमिट कार्ड डाउनलोड किए जा सकेंगे।
मीडिया प्रभारी डॉ. वेद रतन ने बताया कि एंट्रेंस टेस्ट 16, 17 और 18 मई को कराया जाएगा। इसके लिए कानपुर, मेरठ, फैजाबाद, बांदा और इलाहाबाद में परीक्षा केंद्र बनाने का फैसला हुआ है। इस बार स्नातक में 1512, परास्नातक में 675 और पीएचडी में 227 सीटें हैं।
एआईपीएमटी आवेदन फॉर्म में सुधार का अवसर
नई दिल्ली। ऑल इंडिया प्री-मेडिकल टेस्ट 2016 के आवेदन में गलती कर चुके आवेदकों के लिए अच्छी खबर है। सीबीएसई आवेदकों के आग्रह पर उन्हें गलती सुधारने का अवसर देने जा रहा है।
आवेदकों के लिए यह एक ही अवसर है, जब वह सुधार की सुविधा का लाभ लेकर अपने ब्यौरे में बदलाव कर सकते हैं। सुधार करने की सुविधा एआईपीएमटी की वेबसाइट पर 15 फरवरी से 20 फरवरी तक ही मिलेगी। इस दौरान वह अपनी जन्म तिथि, लिंग, श्रेणी, स्टेट कोड ऑफ एलिजिबिलिटी व अक्षमता स्टेटस में सुधार कर सकते हैं।
फॉर्म में कोई और सुधार करने की इजाजत आवेदकों को नहीं दी जाएगी। आवेदकों को एआईपीएमटी की वेबसाइट www.aipmt.nic.in पर जाकर सुधार करना होगा। सीबीएसई ने 15 फरवरी सुबह दस बजे से 20 फरवरी रात 11ः59 बजे तक यह सुविधा देने का फैसला लिया है।
सुधार करने के बाद उम्मीदवार को प्रिंट को रिकॉर्ड के लिए रखना होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि सुधार के लिए वह सीबीएसई से संपर्क न करें। उल्लेखनीय है कि देश भर में एआईपीएमटी की परीक्षा एक मई को होनी है।