दिल्ली जाने के लिए रात में ट्रेन की मांग कर रहे कानपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को सोमवार को बड़ी राहत मिली। करीब 25 साल बाद कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई रात्रिकालीन ट्रेन सेवा शुरू हुई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानपुर एक्सप्रेस (14153/14154) का वर्चुअल उद्घाटन किया। वहीं सेंट्रल स्टेशन पर आयोजित समारोह में सांसद रमेश अवस्थी ने उद्घाटन स्पेशल ट्रेन (04195) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दोपहर 3:25 बजे रवाना हुई ट्रेन 3:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक से आगे बढ़ी। उद्घाटन सेवा से करीब 300 यात्रियों ने सफर शुरू किया। सांसद भी ट्रेन में सवार होकर फफूंद तक गए। रेल मंत्री ने नई सेवा को कानपुर के लोगों के लिए मोदी सरकार का तोहफा बताते हुए कहा कि आने वाले समय में शहर को बेहतर रेल कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं की सौगात मिलेगी। नई ट्रेन शुरू होने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। उद्घाटन स्पेशल के संचालन से पहले रेलवे ने सभी तकनीकी और सुरक्षा संबंधी जांच की। ट्रेन के लोको पायलट प्रवेश कुमार, सहायक लोको पायलट प्रवेश कुमार, मुख्य लोको निरीक्षक एसपी वर्मा रहे।