आवास विकास हंसपुरम में शुक्रवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान लोडर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि पत्नी से विवाद के बाद वह चाकू लेकर उसकी ओर दौड़ा लेकिन गिरने से चाकू उसके ही गले में घुस गया। परिजन उसे हैलट ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
आवास विकास हंसपुरम निवासी कुलदीप वर्मा ने बताया कि उनका भाई रंजीत वर्मा (36) लोडर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। पत्नी निधि वर्मा और 13 साल की बेटी एंजेल व 11 साल की क्रिस्टल के साथ मकान की पहली मंजिल पर रहता था। घटना के समय बड़ी बेटी कोचिंग गई जबकि पत्नी और छोटी बेटी घर में थीं। पुलिस की पूछताछ में छोटी बेटी क्रिस्टल ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे मां ने पिता को शराब पीने से मना किया। इस पर दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान पापा किचन से चाकू उठाकर मां की ओर दौड़े लेकिन अचानक गिर पड़े और चाकू गले में लग गया।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से चाकू कब्जे में ले लिया है। वहीं, घर में फैला खून बड़ी बेटी ने साफ कर दिया था। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम बुलाई गई जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।