प्रवीण कुमार की धारदार गेंदबाजी (20 ओवर, आठ मेडन, 42 रन और तीन विकेट) की बदौलत ग्रीनपार्क में चल रहे रणजी ट्रॉफी मैच के दूसरे दिन सोमवार को यूपी ने तमिलनाडु पर शिकंजा कस दिया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक तमिलनाडु ने 174 रन पर छह विकेट खो दिए। विजय शंकर ने सर्वाधिक 92 रन बनाए। तीसरे दिन सुबह का सत्र यूपी के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण होगा।
सुबह सुरेश रैना और सौरभ कुमार ने रविवार के स्कोर 277 रन से आगे खेलना शुरू किया। सुरेश रैना एक छोर पर जमे रहे और सौरभ ने चौके बरसाने शुरू कर दिए। सौरभ ने 27 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 41 रन बनाए। 310 रन के कुल स्कोर पर सौरभ, राजन की बॉल पर कौशिक को कैच थमा बैठे। पहले दिन के खेल में नाबाद रहे रैना नौ रन ही बना सके और राजन की बॉल पर क्लीन बोल्ड हो गए।
इसके बाद कोई भी ज्यादा देर तक पिच पर टिक नहीं सका। पीयूष चावला दो रन पर, भुवनेश्वर कुमार एक रन पर और प्रवीण कुमार छह रन पर चलते बने। लंच के पहले ही यूपी की टीम 348 रन पर सिमट गई। जवाब में तमिलनाडु की ओर से ओपनिंग करने आए सलामी बल्लेबाज बी अपराजित मैच की तीसरी गेंद पर ही प्रवीण कुमार का शिकार बने। उनकी जगह पर आए दिनेश कार्तिक प्रवीण कुमार के पहले ही ओवर की आखिरी गेंद पर जीरो रन पर आउट हो गए। अभिनव को दो रन पर भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर रैना ने कैच किया।
इसके बाद विजय शंकर और बी इंदरजीत ने संभलकर खेलना शुरू किया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी की। 92 रन पर विजय शंकर प्रवीण कुमार का शिकार बने। इसके बाद इंदरजीत भी 44 रन बनाकर अंकित के शिकार बने। जे कौशिक को दो रन पर पीयूष चावला ने चलता किया। मैच खत्म होने तक आर प्रसन्ना 25 और अश्विन क्राइस्ट एक रन बनाकर टिके थे।