इटावा में सहसो थानाक्षेत्र के हनुमंतपुरा चौराहा स्थित एक घर में रविवार की दोपहर आठ वर्षीय बच्ची की पानी से भरे ड्रम में डूबने से रविवार की दोपहर मौत हो गई। घर में बच्ची के न मिलने पर मां-पिता समेत ग्रामीणों ने खोजबीन की। उसका शव शाम करीब पांच बजे ड्रम के अंदर मिला।
हनुमंतपुरा चौराहा निवासी शिववीर सिंह परिहार मजदूरी करते हैं। इनकी आठ वर्षीय इकलौती बेटी स्वाती गांव में स्थित एक स्कूल में कक्षा चार की छात्रा थी। शिववीर ने बताया कि बेटी रविवार को पड़ोस में कोचिंग पढ़ने गई थी। दोपहर करीब एक बजे वह घर लौटी।
पत्नी पड़ोस के मकान में बैठी थी। बेटी ईंट के ऊपर चढ़कर ड्रम से मुंह हाथ धोने के लिए पानी निकालने लगी। तभी पैर फिसलने की वजह से वह ड्रम में गिर गई, जिसमें डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी देर तक बेटी के नहीं मिलने पर खोजबीन की तो शाम करीब पांच बजे उसका शव ड्रम में मिला।
बच्ची का शव ड्रम में देख मां बेहोश हो गई। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस पूछताछ कर लौट गई। बालिका के परिजनों ने देर शाम चंबल नदी के पास अंतिम संस्कार कर दिया। सहसो के थानाध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया। कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।