चुनाव प्रचार समाप्त हो जाने के बाद भी मतदाताओं को लुभाने के लिए जन्मदिन की आड़ में पार्टी कर रहे पूर्व प्रधान सहित नौ समर्थकों के खिलाफ महोबा जिले के थाना श्रीनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह समर्थक किस पार्टी के है इसकी जांच कराई जा रही है। सूचना पर महोबा विधानसभा के सामान्य प्रेक्षक की छापामारी के बाद यह कार्रवाई की गई है।
थाना श्रीनगर के गांव बिलरही में पूर्व प्रधान शिवराम यादव के खेत में पार्टी चल रही थी। जिसमें दर्जनों की संख्या में लोग एकत्र थे। पार्टी जन्मदिन के मौके पर आयोजित किए जाने की बात कही जा रही थी।
इस दौरान किसी ने मतदाताओं को लुभाने के लिए पार्टी का आयोजन किए जाने की विधानसभा चुनाव के सामान्य प्रेक्षक अमित कश्यप को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही प्रेक्षक ने टीम के साथ छापा मारा।
छापामारी में पूर्व प्रधान शिवराम यादव, गोल्डन सिंह, कड़ोरीलाल, हिम्मत सिंह, बब्बू, लक्ष्मण, भूरा पाल, प्रीतम कुशवाहा व विजय को हिरासत में ले लिया। मौके से आटा, कड़ाई, मिर्च मसाला भी बरामद किया गया। चुनाव प्रेक्षक ने श्रीनगर थाने में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सीओ चरखारी नंदलाल ने बताया कि किस पक्ष के लोगों द्वारा पार्टी की जा रही थी। इसकी जांच कराई जा रही है।