बरेली के बाद शहर में भी शुक्रवार को बवाल करने की साजिश की गई। बरेली में भड़काऊ ऑडियो वायरल होने के बाद भीड़ इकट्ठा होने के बाद माहाैल बिगड़ गया था। इसी तरह शहर में रेलबाजार थानाक्षेत्र में भी एक भड़काऊ ऑडियो जुमे की नमाज के बाद वायरल कर सौहार्द बिगाड़ने की साजिश की गई। हालांकि पुलिस और इंटेलीजेंस की सक्रियता के चलते समय रहते पुलिस प्रशासन ने स्थिति को संभाल लिया। चौकी इंचार्ज सुजातगंज की तहरीर पर एक नामजद समेत 25 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चौकी प्रभारी सुजातगंज राज मोहन मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को वह पुलिस बल के साथ अजमेरी मस्जिद पर ड्यूटी कर रहे थे। नमाज समाप्त होने के बाद जब लोग घर लौट रहे थे तभी मदर होटल तिराहा निवासी जुबेर अहमद खान उर्फ जुबेर गाजी ने एक ऑडियो वायरल कर दिया। ऑडियो में विशेष समुदाय के लोगों को शासन-प्रशासन के विरुद्ध उकसाकर दंगा कराने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की साजिश का जिक्र था। इस वायरल ऑडियो के बाद करीब 20 से 25 युवक इकट्ठा हो गए। स्थिति गंभीर होती देख पुलिस अधिकारियों ने तुरंत लोगों को समझाया और उन्हें शांतिपूर्वक घर भेज दिया। चौकी प्रभारी ने कहा कि यदि समय रहते हस्तक्षेप न किया जाता तो इलाके का माहौल बिगड़ सकता था। रेलबाजार थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि चौकी प्रभारी की तहरीर पर जुबेर गाजी और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब वायरल ऑडियो की जांच कर रही है।