हरदोई जिले में आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में वांछित युवक का अधजला शव मंगलवार को तड़के शहर कोतवाली क्षेत्र के विभूति नगर स्थित उसके मकान में पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पत्नी ने दुपट्टे से गला दबाकर हत्या करने के बाद शव जलाने की जानकारी पुलिस को दी है। सांडी थाना क्षेत्र के गांव मकसूदपुर निवासी उमेश (44) पुत्र लालाराम लगभग 20 दिन से पत्नी सुमन और एक पुत्र के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र के विभूति नगर स्थित किराए के मकान में रहता था।
वह सांडी थाना क्षेत्र में दर्ज आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के एक मामले में वांछित था। मंगलवार को तड़के एक व्यक्ति ने डायल यूपी 112 पर पुलिस को इस मकान से धुआं उठने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो एक व्यक्ति का शव जलता मिला।