accident on etawah kanpur highway
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर-इटावा हाईवे पर परसुपुरा गांव के पास मंगलवार रात ब्रेक फेल होने से बोलेरो आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में बोलेरो सवार महिला, उसके दो बेटों की मौत हो गई जबकि पति, तीन बेटियां और चालक घायल हो गए। महिला के पति और चालक को जिला अस्पताल से सैफई चिकित्सा विवि रेफर किया गया है।
कासगंज जिले के ढोलना थाना क्षेत्र के चिचौरा नगला देवी गांव निवासी राजाराम राजपूत (50) पुत्र रुस्तम सिंह 15 साल से छत्तीसगढ़ के राजनंद के गड़ई गांव में परिवार समेत रहकर कपड़े की फेरी लगाते हैं। 15 जून को बेटी आरती (20) की शादी तय है।
आरती की शादी के लिए राजाराम पत्नी रेखा (45), बेटा बंटी (18), पंकज (13), बेटी आरती (20), वर्षा (15), निशा (12) के साथ बोलेरो से पैतृक गांव चिचौरा नगला देवी लौट रहे थे। बोलेरो छत्तीसगढ़ निवासी कमल (30) पुत्र संतलाल चतुर्वेदी चला रहा था। रात करीब तीन बजे कानपुर-इटावा हाईवे पर परसुपुरा गांव के पास बने कट से आग चल रहा ट्रक मुड़ने लगा।
चालक कमल ने ब्रेक लगाया, लेकिन ब्रेक फेल होने से बोलेरो ट्रक से टकरा गई। हादसे में रेखा और पंकज की मौके पर मौत हो गई, बंटी ने जिला अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घायल राजाराम, उनकी तीनों बेटियों और चालक जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर हालत के चलते डॉक्टर ने राजाराम और चालक को सैफई रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर दोपहर बाद गांव से परिवार के लोग और रिश्तेदार भी पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम कराकर परिवार के लोगों को सौंप दिए।