आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर गोवा पचोर गांव के पास शुक्रवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त स्लीपर बस से उतरे यात्रियों को टक्कर मारकर कार पलट गई। हादसे में कार सवार महिला और एक बस यात्री की मौत हो गई।
दोनों वाहनों में सवार 10 लोग घायल भी हो गए। एक को गंभीर हालत में कानपुर के हैलट रेफर किया गया है। दिल्ली से 70 यात्रियों को लेकर स्लीपर बस एक्सप्रेसवे से बिहार जा रही थी। चालक को झपकी आने से बस डिवाइडर से टकरा गई।
अगला टायर फटने के साथ बस दूसरी लेन में जा पहुंची। बस से कुछ यात्री उतरकर किनारे खड़े थे। इसी बीच पीछे से आई कार भी अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में जाकर यात्रियों को टक्कर मारते पलट गई।
हादसे में कार चला रहे सुल्तानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र के कुटेला गांव निवासी विशाल शर्मा(40) उनके पिता सीताराम शर्मा (64), मां दुर्गा शर्मा (65), भाई राजन (32) घायल हो गए और नौकरानी सबीना बीवी (30) की मौत हो गई।