पुलिस ने शहर में अभियान चलाकर 20 घंटे के अंदर पांच करोड़ रुपये से अधिक कीमत के 100 क्विंटल से ज्यादा पटाखे बरामद किए हैं। मेस्टन रोड, फजलगंज, यशोदानगर, गोविंदनगर से पटाखे पकड़े हैं। पुलिस ने 26 लोगों को हिरासत में लिया है। पटाखा मिलने वाली 18 दुकानें और तीन गोदाम सील कर दिए गए हैं।
बिसातखाना में विस्फोट के बाद पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने सर्च एंड सीज अभियान चलाने का निर्देश जारी किया। यह निर्देश कमिश्नरी के सभी थाना प्रभारियों के लिए था। देर रात मेस्टन रोड के बिसातखाना में दुकानों में छापा मारा गया। गुरुवार को फजलगंज, यशोदानगर और गोविंदनगर क्षेत्र में दुकानों और गोदाम में जांच कराई गई। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि चारों जगह 100 क्विंटल से अधिक के पटाखे बरामद हुए हैं। कुछ जगह बारूद भी मिला है। इनकी अनुमानित कीमत लगभग पांच करोड़ रुपये के आसपास है। दुकान और गोदाम में पटाखों का संचालन करने में 26 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें 12 को बुधवार देर रात उठाया गया था।
गोविंद नगर में पटाखे की तलाश में क्राइम ब्रांच ने मारा छापा
- फोटो : अमर उजाला
आज से बाजारों में नजर आएगी पुलिस
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मूलगंज की घटना कहीं और न हो उसके लिए शुक्रवार से पुलिस बाजारों में नजर आएगी। कानपुर में पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित जगह पर होगी। किसी अन्य जगह पटाखे बिकते मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
गोविंद नगर में पटाखे की तलाश में क्राइम ब्रांच ने मारा छापा
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री की वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग में बोले पुलिस कमिश्नर
मूलगंज और अयोध्या में विस्फोट की घटना पर गुरुवार देर शाम मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग कर निर्देश जारी किए। उन्होंने सबसे पहले कानपुर के पुलिस कमिश्नर से मूलगंज की घटना पर त्वरित कार्रवाई करने की जानकारी ली। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने कहा कि माहौल खराब करने के लिए सोशल मीडिया में कई तरह की अफवाहें फैलाई गईं। कई तरह के झूठी घटनाओं को प्रेषित किया गया। इसको रोकने के साथ ही पुलिस ने कार्रवाई की।