डॉ. अपूर्व रंजन
स्टार्टअप के क्षेत्र में डॉ. अपूर्व रंजन शर्मा ने यूपी के कानपुर शहर का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है। उनकी कंपनी वेंचर कैटेलिस्ट देश की सबसे बड़ी और एशिया की टॉप-5 इंक्यूबेटर व इन्वेस्टमेंट कंपनी बन चुकी है। यूरोप की अच्छीखासी नौकरी छोड़कर आए डॉ. अपूर्व ने यहां भारत में स्टार्टअप को प्रमोट करना शुरू किया। 2002 में सबसे पहले जेएसएस एकेडमी में इंक्यूबेशन सेंटर स्थापित किया। इसके लिए उन्हें राष्ट्रपति ने 2005 में बेस्ट इंक्यूबेटर अवॉर्ड से भी नवाजा।
2009 तक अलग-अलग कई यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में उन्होंने इंक्यूबेशन सेंटर स्थापित किए। इसके बाद वह इंडियन एंजल नेटवर्क से जुड़ गए। 2012 में पहली, 2016 में दूसरी कंपनी शुरू की , 2012 में एंजल वेंचर नेटवर्क छोड़कर डॉ. अपूर्व ने खुद की वेंचर नर्सरी शुरू की। इसके जरिए वह अलग-अलग जगहों पर इंक्यूबेशन सेंटर स्थापित करते और स्टार्टअप कंपनियों में निवेश भी करते थे। 2016 में इसे बड़ा रूप देते हुए उन्होंने अपने तीन दोस्तों गौरव जैन, अनिल जैन और अनुज गुलेचा के साथ मिलकर वेंचर कैटैलिस्ट नाम की कंपनी शुरू की। डॉ. अपूर्व बताते हैं कि इस कंपनी में सात सदस्यीय बोर्ड है जो तय करता है कि किस स्टार्टअप कंपनी में कितना निवेश किस तरह करना है।