दरोगा को छोड़कर मौके से भागा सिपाही
अचलगंज थाना क्षेत्र के हड़हा गांव में बुधवार शाम करीब छह बजे हल्का इंचार्ज शिवकुमार पांडेय सिपाही अमरजीत सिंह के साथ पहुंचे और अंकित सोनकर से जुआ होने की जानकारी लेने गया। अंकित ने खुद जाकर पता लगाने की बात कही, तो दरोगा व सिपाही भड़क गए। यही नहीं सिपाही ने गाली-गलौज की। इस पर युवक ने विरोध किया, तो हाथापाई पर उतर आया। इससे मामला और बढ़ गया, ग्रामीण भी एकत्र हो गए। अपने को बंधक बनता देख सिपाही दरोगा को छोड़कर मौके से भागा और उच्चधिकारियों को सूचना दी।
कुछ पुलिस कर्मियों को चोटें लगने की भी चर्चा
थानाध्यक्ष बृजेश कुमार शुक्ला और सीओ मधुपनाथ मिश्रा फोर्स के साथ पहुंचे और डंडा पटककर भीड़ हटाने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। घटना में कुछ पुलिस कर्मियों को चोटें लगने की भी चर्चा है। वहीं पथराव के दौरान एसओ के चालक गाड़ी भगाने का प्रयास किया, तो वह खंती में चली गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस बैकफुट पर आई और गांव एक किलोमीटर दूर उन्नाव-लालगंज हाईवे के बने अंडरपास के नीचे जाकर खड़ी हो गई और उच्चाधिकारियों को सूचना देकर पीएसी भेजने की मांग की।
गांव में पसरा हुआ है सन्नाटा
रात करीब 9:30 बजे एसपी जयप्रकाश सिंह पीएसी बल के साथ थाने पहुंचे और हालात का जायजा ले रहे हैं। साथ ही, घटना के दौरान पुलिस की ओर से बनाए गए वीडियो की जांच कर रहे हैं। इसमें भीड़ में काफी संख्या में महिलाएं भी नजर आ रही है। पुलिस ग्रामीणों की हर गतिविधि पर नजर रख रही है। थाने बीघापुर, दही थाने का भी फोर्स बुलाया गया है। पुलिस की दो गाड़ियां गांव भी पहुंच चुकी हैं। पथराव करने वाले ग्रामीण भी नजर नहीं आ रहे, गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
दो साल पहले पुलिस ने की थी कार्रवाई
सीओ मधुपनाथ मिश्र ने बताया कि पुलिस कर्मी घायल नहीं हुए हैं। युवक ने शराब के नशे में गाली-गालौज और उपद्रव किया है। गांव में पुलिस बल तैनात है, जांच की जा रही है। पीएसी गांव में गश्त कर रहे हैं। बताया कि जिस अंकित सोनकर ने पुलिस से बवाल किया है। उस पर साल 2004 में पुलिस ने जुएं में कार्रवाई की थी। इसी बात को लेकर वह नाराज है।
सिपाही पर भी लग चुके हैं आरोप
युवक ने पहले आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी गले में पड़ी चांदी की चेन खीच ली है। उसका यह आरोप भी निराधार है, चेन कहीं गिर भी सकती है। हर बिंदु पर जांच की जा रही है। बता दें कि जिस सिपाही पर युवक आरोप लगा रहा है। पुलिस उसे बचाने का प्रयास कर रही है। वह चर्चा में ही रहता है, सिपाही पर उगाही, मारपीट और गाली-गलौज के आरोप पहले भी लग चुके हैं।