इनायतपुर बर्रा गांव में चबूतरे पर रखे ट्रांसफार्मर को गिराकर चोर छह लाख का सामान निकाल ले गए। सूचना पर जेई ने मौके पर पहुंचकर जांच की और औरास थाने में तहरीर दी। ट्रांसफार्मर का सामान चोरी होने से 1500 ग्रामीणों को बिजली नहीं मिल रही है। इनायतपुर गांव में संडीला चकलवंशी मार्ग से 50 मीटर दूर हातिम के घर के पास चबूतरे पर 250 केवी का ट्रांसफार्मर रखा था। जेई रामू लोधी के मुताबिक बुधवार की रात चोरों ने 11 हजार की चलती लाइन का जंपर काटकर पहले आपूर्ति बंद की। इसके बाद ट्रांसफार्मर को गिराकर उसके अंदर से तांबा और अन्य सामान निकाल ले गए। बृहस्पतिवार सुबह लाइनमैन विकास सिंह की सूचना पर अवर अभियंता रामू लोधी मौके पर पहुंचे और जांच की तो ट्रांसफार्मर के अंदर का सामान गायब मिला।
इस पर एसडीओ धर्मेंद्र राजपूत व जेई रामू लोधी थाने पहुंचे। जेई ने तहरीर दी। एसडीओ ने बताया कि करीब छह लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। थाने गए तो वहां पर कार्यवाहक थानाध्यक्ष इरशाद अली मिले। उनका कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
एफआईआर दर्ज होने के बाद ही मिलेगा नया ट्रांसफार्मर
ट्रांसफार्मर का सामान चोरी होने के बाद से ही इनायतपुर बर्रा गांव की करीब 1500 आबादी को बिजली नहीं मिल रही है। गांव के बबलू गुप्ता, रंजीत, महेंद्र, कौशलेंद्र प्रताप व मिथलेश आदि ने बताया कि बिजली न आने से मोबाइल, टीवी व अन्य उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। एसडीओ का कहना है कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही नया ट्रांसफार्मर लगाया जा सकेगा।
सिर्फ 300 मीटर दूर पुलिस पिकेट थी तैनात
ट्रांसफार्मर का सामान चोरी के स्थान से 300 मीटर दूर इनायतपुर बर्रा चौराहे पर पुलिस पिकेट लगाई जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि रात को पुलिस तैनात थी। उसके बाद भी चोर बेखौफ होकर ट्रांसफार्मर गिराकर उसका सामान निकाल ले गए और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। यह घटना पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठा रही है।