उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के अलियारपुर गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। बुधवार देर रात दो बजे दिल्ली से बनारस जा रही डबल डेकर बस आगे चल रही गोभी लदी पिकअप में टकराने के बाद 20 फिट गहरी खंती में पलट गई।
घटना में बस में सवार 21 यात्री घायल हो गए। मौके पर पहुंचे सीओ अरविंद चौरसिया और एसओ शरद कुमार ने घायलों को लखनऊ के लोकबंधु हॉस्पिटल भिजवाया। बस में 60 यात्री सवार थे। अन्य 40 यात्री सुरक्षित हैं। सभी को दूसरी बस से भेजा गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया है।