उन्नाव के बीघापुर में एक महीने पहले गुजरात से लौटा प्रवासी श्रमिक सोमवार को पत्नी से मिलने अपनी सुसराल गया। जहां उसकी हालत बिगड़ गई। ससुरालीजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक ने 6 महीने पहले प्रेम विवाह किया था।
मृतक की मां ने ससुरालवालों पर बेटे के साथ मारपीट करने और जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। एसओ हरप्रसाद अहरवार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तफ्तीश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बीघापुर थाना क्षेत्र के दांदामऊ निवासी रोहित कुमार (30) पुत्र मुन्नीलाल ने छह माह पूर्व बारासगवर थाना क्षेत्र के लालगंज प्रथम निवासी रमेश की बेटी शांति से प्रेम विवाह किया था।
विवाह के 10 दिन बाद वह पत्नी को लेकर सूरत चला गया और वहां एक कपड़ा फैक्टरी में नौकरी करने लगा। दो माह सूरत में रुकने के बाद वह पत्नी को फिर से उसके मायके छोड़कर सूरत लौट गया। लॉकडाउन होने से वह वहीं फंस गया। 8 मई को वह घर लौटा और पत्नी से फोनकर ससुराल आने की बात कही।