उन्नाव जिले में मगरवारा के नेहरूबाग स्थित एक दो मंजिला प्लास्टिक कबाड़ फैक्टरी में शुक्रवार रात करीब एक बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। यह आग इतनी भयंकर थी कि दीवारों की ईंटें टूटकर बिखरने लगीं, जिससे अग्निशमन विभाग के सीएफओ सहित छह लोग घायल हो गए। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन प्लास्टिक के कारण शनिवार दोपहर तक धुआं उठता रहा।
जानकारी के अनुसार, शुक्लागंज निवासी आशीष साहू की इस फैक्ट्री में प्लास्टिक की पुरानी पन्नियों और बोतलों को अलग कर कानपुर भेजा जाता था। स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी होने के कारण फैक्टरी बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आग की लपटें बाहर निकलने पर स्थानीय लोगों ने फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी।शुरुआत में उन्नाव की पांच और बाद में कानपुर से बुलाई गईं दो गाड़ियों सहित कुल 7 गाड़ियों ने आग बुझाने का काम किया।