उन्नाव जिले के असोहा थाना क्षेत्र में गो तस्करों की सूचना पर पुलिस ने वाहन चेकिंग लगाई। चेकिंग के दौरान पुलिस की उनसे मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में एक तस्कर को बाएं पैर में गोली लगी है। उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि एक अंधेरे में भाग निकला। असोहा-कालूखेड़ा मार्ग पर चंदनखेड़ा पुल के पास सोमवार रात पुलिस टीम स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ गो तस्करों की तलाश में वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
तभी बाइक पर सवार तीन गोतस्कर कालूखेड़ा से असोहा की ओर आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। बचने के प्रयास में गो तस्करों ने जंगल की ओर भागने का प्रयास किया। रास्ते में बाइक फिसल कर गिर गई। यह देख एक तस्कर ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस को गोली चलानी पड़ी। एक आरोपी के बाएं पैर पर गोली लगी और घेराबंदी कर दूसरे आरोपी को पकड़ा गया। अंधेरे का फायदा उठाकर तीसरा मौके से भाग निकला।