उन्नाव के मुल्लाहनगर में मंगलवार देर शाम चुनाव परिणाम आने के बाद एक पंक्चर बनाने की दुकान पर भाजपा और सपा समर्थकों में बहस के बाद विवाद हो गया। सपा समर्थकों ने युवक को पीट दिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सदर कोतवाली के मुल्लाहनगर निवासी अजय कुमार ने बताया कि वह भाजपा समर्थक है।
मंगलवार देर शाम चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद वह गांव के बाहर पंक्चर बनाने वाली दुकान में खड़ा था। वहां दुकान का संचालक और उसके दो दोस्त खड़े थे। भाजपा की जीत पर खुशी जाहिर की तो उन्होंने गाली गलौज करते हुए लाठी व सरिया से पीट दिया। इससे सिर में चोट आई है। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया है। कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्र ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है।