यूपी के उन्नाव जिले में मियागंज स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम विवाद अब तूल पकड़ने लगा है। एएनएम की शिकायत पर एडी के जांच करने के बाद अब जिला स्तर पर नई जांच शुरू हो गई है। सीएमओ के आदेश पर स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी और बाबू के बयान दर्ज किए गए हैं। वहीं एएनएम को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा गया है।
मियागंज स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक एएनएम ने स्वास्थ्य केंद्र के बाबू पर अभद्रता का आरोप लगाया था। एएनएम ने मामले की शिकायत प्रभारी से की थी। मामले को दबा दिया गया था। ऐसे में पीड़िता शिकायत लेकर थाने पहुंच गई। यहां सुनवाई नहीं हुई। इस बीच मामला शासन तक पहुंच गया। इस पर एडी अतुल कुमार मिश्रा स्वास्थ्य केंद्र जांच करने पहुंचे थे। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी, बाबू और एएनएम के बयान दर्ज किए थे।
प्रारंभिक जांच में उन्होंने बाबू व प्रभारी को क्लीन चिट दे दी थी। एडी की जांच के बाद अब जिला स्तर पर भी जांच शुरू हो गई है। सीएमओ डा. लालता प्रसाद के आदेश पर मियागंज स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी दिनेश कुमार और बाबू मनोज कुमार के बयान दर्ज कराए गए हैं। सीएमओ डा. लालता प्रसाद ने बताया कि जल्द ही एएनएम के बयान दर्ज कराए जाएंगे।