कानपुर। जब तक कोई सुसाइड न कर ले तब तक लोग मानते कहां हैं कि कोई कितने दर्द में है... इंस्टाग्राम में महिला ने 10 सेकेंड के वीडियो के साथ पोस्टकर फंदा लगाकर जान दे दी। किरायेदारों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सचेंडी के कलकपुरवा गांव निवासी अंजलि (28) ने नौ साल पहले नौबस्ता निवासी पुताई कारीगर आकाश गुप्ता से प्रेमविवाह किया था। उनके दो बच्चे आर्यन और आर्या हैं। अंजलि की बड़ी बहन अर्चना ने बताया कि एक साल पहले पति से कुछ विवाद के बाद वह अलग रहने लगी थी। बच्चे पति के पास ही छोड़ आई थी। पांच महीने से वह एक ऑटो चालक आकाश गौतम के साथ कर्रही में सहमति संबंध में रह रही थी। रविवार रात पुलिस ने उन लोगों को घटना की जानकारी दी।
नौबस्ता इंस्पेक्टर शरद तिलारा ने बताया कि महिला के आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। हर बिंदु की जांच के साथ परिजनों से पूछताछ की जा रही है। महिला का मोबाइल जब्त कर लिया गया है।