कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विवि में मंगलवार को जुलोजी (पेपर कोड- बी050902टी) का आउट ऑफ सिलेबस सवाल पूछे गए। इस पर परीक्षार्थियों ने नाराजगी जताई। छात्र हित को देखते हुए विवि ने तत्काल विशेषज्ञों से प्रश्नपत्रों की जांच कराई जिसमें कई सवाल पाठ्यक्रम के बाहर के निकले। विवि प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परीक्षा को निरस्त कर दिया है। वहीं, सोश्योलॉजी के हिंदी माध्यम के प्रश्नपत्रों में अंग्रेजी के शब्दों का इस्तेमाल किया गया। छात्रों ने इस पर भी विरोध जताया।
सीएसजेएमयू की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 14 नवंबर से चल रही हैं। तृतीय पाली में एमएससी तृतीय सेमेस्टर की जंतु विज्ञान (जुलोजी) की परीक्षा थी जिसका पेपर टाइटल मॉलीक्युलर बायोलॉजी, इम्युनोलॉजी एंड बायोइंफार्मेटिक्स था। प्रश्नपत्र मिलते ही कई महाविद्यालयों के परीक्षार्थियों ने कक्ष निरीक्षकों से आउट ऑफ सिलेबस सवाल आने की शिकायत की। मामले की जानकारी विवि प्रशासन तक पहुंची। विवि के परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया कि छात्रों की शिकायत पर पेपर की जांच विशेषज्ञों से कराई जिसमें उनकी शिकायत सही मिली। छात्र हित को देखते हुए परीक्षा को निरस्त कर दिया गया।
मंगलवार को बीए प्रथम सेमेस्टर में सोश्योलॉजी (पेपर टाइटल-इंट्रोडक्शन टू बेसिक कांसेप्ट्स ऑफ सोश्योलॉजी) और बीए तृतीय सेमेस्टर में सोश्योलॉजी (पेपर टाइटल-सोशल चेंज एंड सोशल मूवमेंट) की परीक्षा थी। हिंदी माध्यम वाले छात्रों को जो पेपर मिला उसमें अंग्रेजी के शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। छात्रों ने इसका विरोध किया और सूचना विवि तक पहुंची। परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने कहा कि इस संबंध में कई परीक्षा केंद्र व परीक्षार्थियों से बात की गई। उन्होंने हिंदी में लिखे सवालों में अंग्रेजी शब्दों के प्रयोग की जानकारी दी लेकिन यह भी कहा कि सवाल समझने में कोई असुविधा नहीं हुई है। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि अगर फिर भी किसी छात्र को परेशानी हुई है और वह दोबारा परीक्षा देना चाहता है तो इसकी जानकारी विवि को दें। उसकी दोबारा परीक्षा करा दी जाएगी।