केंद्रीय राज्यमंत्री विष्णु देव सांई ने लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड डॉ. त्रिदिबेस मुखर्जी को दिया
- फोटो : अमर उजाला
आईआईटी कानपुर में चल रही मेटल एंड मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग की चार दिवसीय (11 से 14 नवंबर) कार्यशाला के समापन समारोह में केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री विष्णु देव सांई ने कहा कि देश की इस्पात निधि बनाई जा रही है। इससे स्टील का प्रोडक्शन बढ़ेगा। हमारा देश इस क्षेत्र में दुनिया में दूसरे नंबर पर आ जाएगा। अभी तीसरी पोजिशन है। स्टील प्रोडक्शन में चीन नंबर एक है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) पूरी क्षमता से काम रही है। नई स्टील पॉलिसी पर भी काम चल रहा है। भारत में प्रति व्यक्ति लोहे की सालाना खपत 61 किलोग्राम है। इसे बढ़ाकर 100 किलोग्राम तक ले जाना है। ऐसा हुआ तो रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। अर्थव्यवस्था को रफ्तार मिलेगी। इससे पहले निदेशक प्रो. इंद्रनील मन्ना ने राज्यमंत्री का स्वागत किया। निदेशक ने भरोसा दिलाया कि आईआईटी कानपुर का मेटल एंड मेटलर्जिकल डिपार्टमेंट अच्छा काम कर रहा है। जल्द ही सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे। 500 और 1000 रुपये के नोट बंदी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले को राज्यमंत्री ने सही ठहराया। उन्होंने कहा कि ब्लैक मनी के खिलाफ यह सबसे बड़ी मुहिम है। जनता को सहयोग करना चाहिए। बड़े नोट के रूप में जो ब्लैक मनी डंप है, अब वह नष्ट हो जाएगी। कुछ राजनीतिक दलों के पास भी ब्लैक मनी है। इस कारण विरोध कर रहे हैं। प्रधानमंत्री का कदम साहसिक है।