केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति (फाइल फोटो)
कोरोना संक्रमित केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री और फतेहपुर की सांसद साध्वी निरंजन ज्योति को शनिवार सुबह चार बजे हैलट से एम्स दिल्ली रेफर कर दिया गया। आरटीपीसीआर जांच से संक्रमण की पुष्टि हुई।
उन्हें एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से दिल्ली भेजा गया। साध्वी ने खुद दिल्ली जाने की इच्छा जताई। उनके दोनों फेफड़ों में निमोनिया भी है। केंद्रीय राज्य मंत्री को शुक्रवार शाम बुखार और सीने में दर्द की शिकायत पर कॉर्डियोलॉजी में दिखाया गया था।
यहां जांच में हार्ट और दूसरी जांचें सही थीं। एक्सरे कराने पर दोनों फेफड़ों में निमोनिया निकला। इस पर उन्हें देर रात हैलट रेफर कर दिया गया। यहां एंटीजन जांच में कोरोना निगेटिव लेकिन ट्रूनेट में वायरल लोड अधिक आया।
इसके बाद आरटीपीसीआर जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई। फिर उन्हें न्यूरो साइंसेज कोविड अस्पताल के आईसीयू में शिफ्ट किया गया। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि मंत्री ने दिल्ली जाने की इच्छा जताई तो सुबह चार बजे हैलट से रेफर कर दिया गया।
वह एम्स मेें भर्ती हो गई हैं। हैलट के डॉक्टरों ने बताया कि राज्यमंत्री की स्थिति स्थिर थी। उनका ऑक्सीजन सेच्युरेशन 96 प्रतिशत था। मंत्री के साथ के एक व्यक्ति की भी जांच कराई गई। उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। साध्वी को 22 नवंबर से बुखार रहा है। दिल्ली में उनके स्टाफ के दो लोग संक्रमित थे। निमोनिया होने के बाद मंत्री को सांस में हल्की तकलीफ होने लगी थी।