कन्नौज जिले के बहुआ में ललौली थानाक्षेत्र के शंकरपुरवा पेट्रोल पंप के समीप बांदा टांडा हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बाइक सवारों को दतौली चौकी प्रभारी प्रवीण सिंह ने हाईवे की एम्बुलेन्स में सदर अस्पताल भेजा।
जहां पहुंचते ही दोनों की सांसे थम गई। बाइक सवार बब्लू निषाद (37) पुत्र रामप्रताप निवासी लहाडेरा मजरा बेंदा थाना तिंदवारी जिला बांदा अपने दोस्त श्रीधर निषाद (32) पुत्र श्यामलाल निषाद निवासी बघेरन डेरा मजरे कोर्राकनक थाना ललौली के घर शाम को गया था। रात करीब नौ बजे दोनों गांव लहाडेरा बाइक से जा रहे थे।
तभी शंकरपुरवा पेट्रोल पंप के समीप बांदा टांडा हाईवे में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। तेज आवाज होने पर पेट्रोल पंप के आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे तो दोनों तड़प रहे थे। सूचना पर पहुंचे दतौली चौकी इंचार्ज ने आनन-फानन में घायलों को सदर अस्पताल भेजा। जहां पहुंचते ही दोनों की मौत हो गई। दोनों दोस्त सूरत में प्राइवेट नौकरी करते थे। लॉकडाउन में सूरत से वापस आये थे।