दिल्ली की पालिका बाजार की तर्ज पर कानपुर शहर के व्यस्त बाजारों में जाम की समस्या दूर करने के लिए पार्कों के नीचे अंडरग्राउंड पार्किंग बनाई जाएगी। केडीए वीसी किंजल सिंह ने ऐसे बाजारों और उनके आसपास पार्क चिह्नित करने के निर्देश दिए।
सबसे ज्यादा जाम पीरोड, सीसामऊ, गुमटी, अस्सी फीट रोड, गोविंद नगर, लाल बंगला आदि व्यस्त बाजारों में लगता है। यहां पार्किंग की व्यवस्था ही नहीं है। इस वजह से इन बाजारों में दिनभर यातायात प्रभावित रहता है। वीसी ने निर्देश दिए कि वे ऐसे पार्क चिह्नित करें, जो बाजार के नजदीक हों, ताकि लोगों को ज्यादा दूर तक पैदल न जाना पड़े। इन पार्कों में डबल स्टोरी भूमिगत पार्किंग बनाई जाएगी। पर, पार्क का स्वरूप नहीं बदलेगा। केडीए गुमटी नंबर - 5 बाजार के पास दर्शनपुरवा पार्क में भूमिगत पार्किंग बनाएगा। इसके लिए एनओसी मिल गई है।
दूसरी ओर परेड में केडीए की मल्टीलेवल पार्किंग ‘केडीए क्रिस्टल’ दीपावली में शुरू हो जाएगी। वीसी ने बताया कि पहले इस पार्किंग का ठेका एक साल के लिए दिया जा रहा था, पर अब तीन साल के लिए दिया जाएगा। इस पार्किंग से नवीन मार्केट पहुंचने के लिए माल रोड पर फुटओवर ब्रिज बनेगा। इसमें लिफ्ट के बजाय एक्सेलेरेटर लगाए जाएंगे।