मूसानगर/ रूरा। मालासा-चांदपुर मार्ग पर शेरपुर के गुढ़ा मोड़ के पास बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खोदे गए 10 फीट गहरे गड्ढे में गिर गए। इससे दोनों की जान चली गई। पुलिस ने मृतकों के पास मिले आधार कार्ड के जरिये उनकी शिनाख्त कर परिजन को घटना की जानकारी दी।
रूरा थाना के डगराहा निवासी मनीष प्रजापति 30 पुत्र राजकरन प्रजापति अकबरपुर में किराये के मकान में रहकर पानीपूरी की रेहड़ी लगाता था। शुक्रवार दोपहर वह मूसानगर के कुम्हारन टोला निवासी मौसेरे भाई मोनू (25) पुत्र छोटेलाल को उसके घर से लेकर कानपुर गया था। वहां से वापस लौटने के दौरान मलासा-चांदपुर मार्ग पर शेरपुर के गुढ़ा मोड़ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। गड्ढे में गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों शवों को गड्ढों से निकालकर सीएचसी पुखरायां ले गई।
अनहोनी की जानकारी पर मोनू के पिता छोटेलाल, मां ननखी व भाई सोनू रोते-बिलखते हुए सीएचसी पहुंच गए। छोटेलाल ने बताया कि बेटा शटरिंग लगाने का काम करता था। वहीं मनीष की मौत की जानकारी पर पत्नी सुनैना, मां छिदाना, बहन शिवानी, भाई सुमित रोने लगीं। परिजन प्रधान प्रतिनिधि विनय गौतम के साथ घटनास्थल की ओर चले गए। चचेरे भाई रिंकू ने बताया कि मोनू को बुखार आने पर मनीष उसको दिखाने के लिए कानपुर गया था। इधर घटना की जानकारी पूर्व प्रधान राजन शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य बउआ त्रिवेदी ने घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। मूसानगर थाना प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होने से हादसा हुआ है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।