शिवराजपुर (कानपुर)। मंगलवार शाम बेकाबू ट्रक ने पैदल जा रहे अधेड़ को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को लोगों ने पेट्रोल पंप के सामने रोक चालक को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया।
शिवराजपुर थाना के एसआई सुरेंद्र नारायण शुक्ला ने बताया कि मंगलवार शाम 6 बजे कानपुर से बिल्हौर की तरह जा रहे ट्रक ने अचानक अनियंत्रित होकर पैदल जा रहे कस्बे के ही वार्ड नंबर 2 निवासी कल्लन (47) पुत्र नन्हा को टक्कर मार दी। जब तक कल्लन सड़क से उठते तब तक चालक भागने की कोशिश में उन्हें कुचलता हुआ भाग निकला। जिससे कल्लन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोनों ने अपने वाहनों से ट्रक का पीछा किया और तभी पेट्रोल पंप के सामने लगे जाम में ट्रक फंसने पर चालक छोटू को पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया।
सड़क हादसों में तीन लोग घायल
बिल्हौर। कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग हुईं मार्ग दुर्घटनाओं में एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी से हैलट अस्पताल, कानपुर रेफर किया गया। पहली घटना क्षेत्र के जीटी रोड नानामऊ तिराहे के समीप हुई, यहां अलीगढ़ निवासी ट्रक चालक संजय एक चाय की दुकान के बाहर सड़क किनारे खड़े थे तभी बाइक सवार सूरज निवासी हबीबपुर, उन्नाव निवासी ने टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने सूरज और संजय दोनों घायल हो गए। वहीं दूसरे सड़क हादसे में प्रीती पत्नी सिपाही लाल निवासी उदयभानपुर घायल हो गईं।