यूपी के उन्नाव जिले से बांगरमऊ विधान सभा सीट से बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेगर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। विधायक पर रेप का आरोप लगाने वाली पीड़िता के चाचा ने विधायक के गुर्गों पर एक और आरोप लगाया है।
पीड़िता के चाचा ने कहा कि कल (शनिवार) वह लोग दो कार से गांव पहुंचकर लोगों को मुह बंद करने की धमकी दी। इतना ही नहीं पीड़िता के चाचा का कहना है कि विधायक के लोगों ने गांव वालों से शांत रहने या गांव छोड़कर जाने की भी धमकी दी। उन्होने (पीड़िता के चाचा) कहा कि गांव के दो लोग लापता हैं।
इससे पहले शनिवार शाम को लखनऊ से लौटकर होटल जाते समय किशोरी के चाचा ने मीडिया के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं कि हम नार्को टेस्ट के लिए तैयार नहीं हैं। हम सच के सिवा कुछ नहीं कह रहे। हम नार्को ही नहीं, किसी किसी भी जांच और टेस्ट के लिए तैयार हैं। उन्होंने सीबीआई की जांच पर संतोष जाहिर किया।