हरदोई में जरौली-नेवादा मार्ग पर सोमवार देर रात मैदानपुरा के पास मवेशी को बचाने में अनियंत्रित बाइक नाले में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई जबकि एक युवक घायल हो गया। हेलमेट न लगाए होने से सभी के सिर में चोट आई थी।
बिलग्राम कस्बे के मोहल्ला सैयदबाड़ा निवासी राजकुमार उर्फ प्रिंस (27) पुत्र देशराज सोमवार को बाइक से बहन के यहां सड़ियापुर गांव गया था। जहां से देर रात बाइक से घर आ रहा था। साथ में उसका भांजा वेदप्रकाश (24) पुत्र श्रीकृष्ण और उसका साथी साहिबलाल (26) पुत्र रामशंकर भी था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रास्ते में बिलग्राम-जरौली-नेवादा मार्ग पर मैदानपुरा के पास मवेशी आने से बाइक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसे में तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें राजकुमार व वेदप्रकाश की मौके पर मौत हो गई।
वहीं साहिबलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। तलाशी के दौरान पास में मिले मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी। मंगलवार को पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया।