थाना क्षेत्र के दोहरापुर गांव में सोमवार की सुबह मकान बंटवारे के विवाद
में भतीजों ने अपने चाचा पर बेलचे से हमला कर दिया। जिला अस्पताल में देर
शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुत्री ने दोनों आरोपियोें के खिलाफ
रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस ने शव
का पोस्टमार्टम को भेजा है।
दोहरापुर निवासी बच्चनलाल (50) की विवाहिता
पुत्री रेखा ने बताया कि मकान के बंटवारे पर पिता और चाचा राजनलाल के बीच
विवाद था। इस बार इसको लेकर कहासुनी भी हुई।
सोमवार की सुबह पिता बच्चनलाल
गांव की डेयरी से दूध लेकर घर आ रहे थे। रास्ते में चचेरे भाई संदीप और
रवींद्र ने उन पर लोहे के बेलचे से हमला कर दिया, जिस पर वह लहूलुहान होकर
वहीं गिर पड़े।
ग्रामीणों ने किसी तरह बीच बचाव कर उसे सीएचसी पहुंचाया,
जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनको जिला अस्पताल रेफर किया गया। पिता की
मौत की खबर सुनकर दादी यशोदा गश खाकर गिर गईं।
बताया कि इकलौता भाई दिलीप
एक साल से लापता है। थाना अध्यक्ष अंबरीश यादव ने बताया कि संदीप और
रवींद्र के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।