कानपुर। शहर में शुक्रवार को गुजैनी और नवाबगंज में सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। गुजैनी के चंदनपुरम पिपौरी निवासी शुभम सचान (32) प्राइवेट नौकरी करते थे। परिवार में पिता विजय कुमार, मां निर्मला एक शादीशुदा बहन है। कानपुर देहात के भोगनीपुर के माचा गांव निवासी अंकिता से शुभम की शादी हुई थी लेकिन दो साल से मुकदमा चल रहा है। पिता के अनुसार शुक्रवार देर शाम गजनेर निवासी मामा आदर्श सचान के घर से बेटा बाइक से लौट रहा था। गुजैनी क्षेत्र के गोगूमऊ पुल के पास लोडर ने पीछे से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर से शुभम बाइक समेत 10 मीटर तक घिसटते चले गए। चालक मौके पर लोडर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने उन्हें हैलट पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, नवाबगंज में ज्योरा-गंगाबैराज मार्ग पर शुक्रवार रात 11 बजे घर के बाहर सड़क पार करते समय ज्योरा निवासी सुलेमान (35) को तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी। उन्हें हैलट ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि जब राहगीरों ने लोडर पकड़ने की कोशिश की तो नशे में धुत चालक ने उन पर लोडर चढ़ाने की कोशिश की। राहगीरों ने लोडर का नंबर पुलिस को दे दिया। परिजन का आरोप है कि लोडर कन्नौज के सराय का बताया जा रहा है। उसका बीमा भी खत्म हो चुका है। नवाबगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे से लोडर का पता लगाया जा रहा है।