डेरापुर। सेंगुर नदी में फत्तेपुर आईटीआई के पास बने चेकडैम में नहाने के दौरान रविवार दोपहर को दो युवक डूब गए। जानकारी होने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की। देर शाम को पहुंची एसडीआरएफ टीम ने भी नदी में उतरकर दोनों युवकों की तलाश की लेकिन, सफलता नहीं मिली।
डेरापुर थाना के जरौली निवासी विजय नारायण का बेटा रोहित (25) रविवार दोपहर 12 बजे के करीब साथियों संग फत्तेपुर आईटीआई के पास सेंगुर नदी के चेकडैम में नहाने आया था। बारिश होने के कारण चेकडैम में पानी अधिक होने के चलते वह डूबने लगा। इस पर पास में मौजूद फत्तेपुर निवासी दीपक (28) ने चेकडैम में छलांग लगाकर उसे बचाने का प्रयास किया। पानी का बहाव अधिक होने के चलते दोनों डूब गए। इसपर पास में मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी गांव में दी। इस पर घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों के परिजन भी रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे हैं।
सूचना पर थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के साथ तलाश शुरू करवाई मगर सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी पर तीन बजे के करीब इटावा सांसद जितेंद्र दोहरे मौके पर पहुंच गए। घटना के तीन घंटे बाद भी थानाध्यक्ष के अलावा कोई अन्य अधिकारी मौजूद न मिलने पर वह बिफर गए।
उन्होंने जिलाधिकारी व एसपी को फोन कर अधिकारियों की लापरवाही की शिकायत की। साथ ही दोनों युवकों के परिजन ने मिलकर सांत्वना दी। दोपहर बाद 3:30 बजे डेरापुर तहसीलदार जितेंद्र कुमार कालपी से आई एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ टीम ने देर शाम तक चेकडैम व नदी में युवकों की तलाश की मगर सफलता नहीं मिली। तहसीलदार जितेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों युवकों की तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों को बरामद किया जाएगा।