कन्नौज के छिबरामऊ जिले में रुह कंपा देने वाली एक सनसनीखेज वारदात समाने आई है। यहां युवकों ने पल्लेदार को एक घंटे तक खंभे से बांधकर यातनाएं दी। दरिंदे उसे खंभे से बांधकर पीटते रहे लेकिन किसी के मुंह से उफ तक की आवाज नहीं आई। घटना से घबराए परिजनों ने पुलिस को भी सूचना नहीं दी। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छिबरामऊ के ग्राम बहबलपुर निवासी सनी (25) निगम मंडी परिसर में पल्लेदारी कर परिवार का भरण पोषण करता है । शुक्रवार को भी वह रोज की तरह काम पर गया था। रात को मंडी सड़क पर एक कार खड़ी थी। ट्रैक्टर चालकों को निकलने में दिक्कत हो रही थी। कुछ लोगों के कहने पर सनी ने कार को हटाने का प्रयास किया तो वह एक टट्टर से टकरा गई। वहां बैठे कुछ युवक नाराज हो गए तो सनी ने गलती के लिए माफी मांगी।
इसके बाद भी युवकों को रहम नहीं आया और गाली गलौज करते सनी को पीटने लगे। इसके बाद उसे खंभे से बांध दिया और एक घंटे तक उसे यातनाएं देते रहे। मां सरला व पत्नी रेनू का कहना है कि खंभे से बांधकर बहुत बुरी तरह पीटा है। डर के कारण पुलिस में शिकायत नहीं की है। अगर शिकायत करेंगे तो दोबारा सनी के साथ मारपीट की जाएगी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी की जाएगी, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।