एरवाकटरा थाना क्षेत्र के छिबरामऊ मार्ग पर स्थित देईपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे स्थित एक खेत में अवैध रूप से खोदे गए गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और मातम पसर गया।
मृतक बच्चों की पहचान कृष्णा (8) पुत्र अनिल सिंह और आर्यन (9) पुत्र राजीव निवासीगण देईपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे खेलते समय खेत के पास गए थे, जहां अवैध खनन या खुदाई के चलते बने गहरे गड्ढे में गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। सीओ बिधूना पी पुनीत मिश्रा, एसडीएम कमल कुमार सिंह कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बच्चों के शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है कि गड्ढा किस मकसद से और किसकी लापरवाही से खोदा गया था। इसी बीच, क्षेत्र के ही गांव राजाराम नगरिया से एक और खबर सामने आई, जहां एक बच्चे के नाले में डूबने की सूचना मिली। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और नाले में बच्चे की खोजबीन में जुट गए हैं। प्रशासन की टीम भी राहत व बचाव कार्य के लिए समन्वय बना रही है।