औरैया सदर कोतवाली में सोमवार को दो युवतियों के बीच प्रेम संबंधों के मामला सामने आया। पुलिस ने दोनों युवतियों को समाज की दुहाई देकर समझाया, लेकिन दोनों ने एक-दूसरे से अलग होने से इनकार किया। यहां तक अपने-अपने परिजनों को छोड़ने की बात कही।
एक साथ रहने की जिद में अड़ी दो युवतियां, थाने में चली पंचायत
देर रात चली पंचायत के बाद दोनों युवतियां अलग होने को राजी नहीं हुई, तो पुलिस ने एक युवती को महिला थाना पुलिस को सौंप दिया। कानपुर देहात में रहने वाली यह युवती छह महीने पहले औरैया से लापता हुई थी। जनवरी में कानपुर देहात में रहने वाली युवती औरैया के बैंक ऑफ बड़ौदा से रुपये निकालने आई थी।
जनवरी में औरैया से गुम हुई थी कानपुर देहात की एक युवती
इसके बाद वह वापस अपने घर नहीं गई। युवती के परिजनों ने औरैया कोतवाली में उसकी गुमशुदगी कराई थी। सोमवार को कोतवाली पुलिस ने युवती को नोएडा से बरामद कर लिया। सोमवार को पुलिस टीम उसे औरैया लेकर आई। देर शाम पुलिस युवती से पूछताछ कर रही थी, तभी नोएडा से एक महिला पति के साथ थाने पहुंची और हंगामा शुरू कर दिया।
सोमवार को कोतवाली पुलिस युवती को नोएडा से किया बरामद
उसे देखते ही नोएडा से बरामद कर लायी गई युवती ने भी हो-हल्ला शुरू कर दिया। दोनों युवतियों ने कहा कि वे दोनों आपस में ब्याह कर चुकी हैं। दोनों एक साथ जीवन व्यतीत करेंगी। नोएडा से आई युवती ने पुलिस को बताया कि 12 साल की उम्र में उसकी शादी असम के एक युवक से हुई थी।
रैया कोतवाली में पहुंची युवती की महिला मित्र, हंगामा
उसका 17 साल का बेटा असम में ही एक बोर्डिंग स्कूल में पढ़ता है। कानपुर देहात में रहने वाली युवती से दो साल पहले उसकी फेसबुक से दोस्ती हुई। फिर दोनों में बातचीत शुरू हुई। दोनों के विचार मेल खाए, तो दोनों ने जीवन भर एक-दूसरे का साथ निभाने का वादा किया।
पुलिस के सामने एक-दूसरे के साथ शादी करने की बात स्वीकारी
जनवरी से युवती उसके साथ नोएडा रह रही है। वह पति और बेटे को छोड़कर उसी युवती के साथ रहना चाहती है। पुलिस और कानपुर देहात से आए परिजनों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नोएडा में रहने वाली युवती के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। इस पर उसे महिला थाना पुलिस को सौंप दिया गया। कोतवाली प्रभारी आलोक दुबे के मुताबिक दोनों युवतियों की बात विस्तार से सुनने के बाद फैसला लिया जाएगा।