मां की मौत की खबर सुन बदहवास बच्चे
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र में शादी समारोह में तेल पूजन की रस्म के लिए जा रही दो महिलाएं तेज रफ्तार लोडर की चपेट में आ गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें ग्रामीण सीएचसी ले गए। वहां एक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
दूसरी महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके से लोडर चालक और एक अन्य युवक को हिरासत में लिया है। दोनों महिलाएं दूल्हे की पारिवारिक चाची थीं। रहीम नगर निवासी कृपाशंकर के बेटे जितेंद्र कुमार का तिलक समारोह रविवार को है।
तीन मार्च को बरात लालपुर के कुच्छी गांव जानी है। तिलक पहले महिलाएं शनिवार को तेल पूजन रस्म अदायगी के लिए शिव मंदिर जा रही थीं। तभी तेज रफ्तार लोडर की चपेट में आने से रहीम नगर के अवधेश की पत्नी कुसमा देवी (45) व सरोज की पत्नी सुमन देवी (45) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना से महिलाओं में भगदड़ मच गई। दोनों घायल महिलाओं को सीएचसी ले जाया गया। वहां दोनों की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। कुसमा देवी के पति अवधेश की कस्बे में हार्डवेयर की दुकान है। सुमन देवी के पति सरोज दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं।
दूल्हे के परिवार की दोनों महिलाओं की मौत होने पर शादी की खुशियां मातम में बदल गई। परिजन बिलखने लगे। इंस्पेक्टर तुलसीराम पांडेय ने बताया कि लोडर के चालक व एक युवक को हिरासत में लिया गया है।