सुल्तानपुर जिले में रहकर नौकरी करने वाले शहर के मोहल्ला लोकनगर निवासी युवक का शव एक महिला उसके घर लेकर पहुंची तो पत्नी बेहाल हो गई। शव लेकर पहुची महिला ने खुद को मृत युवक की पत्नी बताया। पहली पत्नी ने उसके दावे को गलत करार देकर कोतवाली में तहरीर दी है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम व जांच करा कार्रवाई की बात कह रही है। लोक नगर मोहल्ला निवासी लोक कृष्ण कुमार मिश्र पिछले कुछ वर्षों से सुल्तानपुर में रहकर प्राइवेट नौकरी कर रहा था। रविवार रात लगभग 10 बजे एक महिला उसका शव लेकर उसके घर मोहल्ला लोग नगर पहुंची। परिजन शव देखकर बदहवास हो गए। पत्नी शव से लिपट कर रो पड़ी।
इसी बीच शव लेकर आई महिला ने खुद को कृष्ण कुमार की पत्नी बताया जिस पर विवाद शुरू हो गया। पहली पत्नी ने महिला के दावे को गलत करार देते हुए पति की मौत को संदिग्ध बता सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करा आगे की कार्रवाई की जाएगी।