यूपी के इटावा जिले में लवेदी थाना क्षेत्र के इंगुर्री गांव में रविवार की सुबह एक खेत से शुरू हुई आग ने देखते-देखते आसपास के छह गांवों की फसलों को भी चपेट में ले लिया। भीषण आग से करीब सौ किसानों की तकरीबन दो हजार बीघा गेहूं की फसल राख हो गई। फायर ब्रिगेड के दो घंटे देरी से पहुंचने से ग्रामीण आपा खो बैठे। भीड़ ने पुलिस को खदेड़ दिया तो भाजपा विधायक सावित्री कठेरिया की गाड़ी पर पत्थर फेंके, डंडे मारे। प्रभावित किसानों को मदद का भरोसा देकर विधायक वहां से चली गईं।
भीषण अग्निकांड की शुरुआत इंगुर्री गांव में देवस्थान के नजदीकी खेत से हुई। गेहूं के इस खेत में सुबह करीब 11:30 बजे लपटें उठीं। तेज हवा से आग फैलती चली गई। ग्राम दुर्गापुरा, उलीची, मानपुरा, जैतपुरा और मानपुरा शाला की फसलें भी आग की चपेट में आ गईं। लीची गांव में खेतों की ओर बने तीन घरों के छप्पर भी जल गए।