रनियां। थाना क्षेत्र स्थित रेलवे की बोगी बनाने वाली फैक्टरी से चोरी हुआ करीब 15 लाख का तार बेचने के लिए निकले दो चोरों को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 किलोग्राम सिल्वर ब्रेजिंग एलॉय तार तार बरामद किया है। पूछताछ में दोनों ने चोरी को अंजाम देने की बात कुबूल की है।
रनियां थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि बुधवार को एसआई उमेश कुमार ने मुखबिर की सूचना पर रामदीपुरवा-रहीमपुर मार्ग पर घेराबंदी कर गोधनपुरवा निवासी शिवम यादव व हृदयपुर निवासी शीलू यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 15 किलोग्राम चोरी का तार बरामद किया गया है। जिसकी बाजार में करीब 15 लाख रुपये है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रेलवे की बोगी बनाने में प्रयोग किए जाने वाले तार में चांदी होने की उनको पूर्व से जानकारी थी। इसपर उन दोनों ने योजना बनाकर खानचंद्रपुर मटियामऊ मार्ग स्थित रेलवे की बोगी बनाने वाली फैक्टरी से तार चोरी कर छिपा दिया था। बुधवार को वह दोनों चोरी का तार बेचने के लिए निकले थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही पकड़ लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।